परिचय

राजपाल सिंह सिसोदिया के बारे में

एक प्रखर वक्ता, समाजसेवी, एक प्रभावी राजनेता, सहकारिता व कृषि विशेषज्ञ और पेशे से वकालत करने वाले श्री राजपाल सिंह सिसोदिया का व्यक्तित्व अपने आप में कई ज्वलंत अनुभवों का लिखित दस्तावेज़ है। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया का जन्म १९७१ में कल्याणपुरा उज्जैन के एक धार्मिक, संपन्न व शिक्षित राजपूत परिवार में पिता श्री देवी सिंह सिसोदिया एवं माता श्रीमति केशरकुंवर सिसोदिया के घर हुआ। आपका विवाह श्रीमती सरोज सिंह सिसोदिया से १९९१ में सम्पन्न हुआ। श्री यशपाल सिंह सिसोदिया आपके सुपुत्र हैं।

राजपाल सिंह बाल्यकाल से ही महाराणा प्रताप, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, तथा अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान राष्ट्रभक्तों के जीवनकार्यों से प्रेरित हुआ करते। वह विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रवाद तथा उनके दृष्टांत से प्रभावित हुए तथा वे संघ के एक सक्रिय सदस्य बन गए। आपको समाज सेवा की प्रेरणा बचपन से ही विरासत में मिली, अतः बढ़ती आधुनिकता के इस दौर में भी आपने मानव समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझते हुए अपना जीवन जनसेवा एवं देशसेवा हेतु समर्पित करने का निश्चय किया एवं भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व की प्रभावशाली यात्रा की और उन्मुख हुए।

आपने अपनी प्राथमिक शिक्षा शारदा प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुरा, माध्यमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर उज्जैन तथा बारहवीं तक की शिक्षा लोकमान्य तिलक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उज्जैन से पूर्ण की। विक्रम विश्वविद्यालय से विज्ञान संकाय में स्नातक करने के पश्चात विक्रम विश्वविद्यालय से ही एलएलबी की उपाधि १९९६ में प्राप्त की। आजीविका के लिए कृषि कार्य एवं वकालत को चुना व वर्तमान समय तक इसे अनवरत सफलतापूर्वक करते आये हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल होने के बाद राजपाल जी ने संघ की विद्यार्थी शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) के लिए १९८९ से १९९६, आठ वर्षों तक कार्य किया। सर्वप्रथम आपको १९८९ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् का अन्तर्महाविद्यालयीन अध्यक्ष चुना गया। तथा इस पद पर रहते हुए वर्ष १९९० में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आह्वान पर कश्मीर के श्रीनगर के लालचौक मे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के निर्णय के पालन हेतु उज्जैन से कूच किया। विश्वविख्यात कवि श्रीकृष्ण सरल ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर अपना अंगूठा चीर कर रक्त से तिलक कर आपको विदा किया। मालवा एक्सप्रेस ट्रेन से जम्मू पहुंचे, जम्मू से श्रीनगर के लिए कूच किया, जिला उधमपुर मे सेना एवं जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लालचौक नही पहुचने दिया, एक दिन उधमपुर जेल, दो दिन जम्मू के मौलाना आज़ाद कॉलेज मे निर्मित अस्थाई जेल मे रहे व रिहाई पर दिल्ली पहुचे, तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री वी पी सिंह का घेराव किया व उनके इस आश्वासन पर की सरकार लालचौक पर तिरंगा फहराएगी, तब राष्ट्रध्वज माननीय प्रधानमंत्री को ज्ञापन सहित सौंप कर उज्जैन आ गये। यही तिरंगा यात्रा बाद में श्री मुरलीमनोहर जोशी व श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का एक बड़ा आंदोलन साबित हुई। आपके अद्भुत कार्यकौशल व जीवटता को देखते हुए १९९० में ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् विक्रम विश्वविद्यालय के मुख्य प्रभारी एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की उज्जैन जिला कार्यकारिणी के सदस्य नियुक्त किये गए।



तत्पश्चात १९९६ में आपका भारतीय जनता पार्टी में पदार्पण हुआ व १९९६ से २०११ तक भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। उसी समय २००४ से २००७ तक उज्जैन जिले के भाजपा जिला मंत्री के रूप में भी कार्य किया। १९९७ मे भाजयुमो के उज्जैन जिलाध्यक्ष के रूप मे "युवा मोर्चा हल्ला बोल, दिग्विजय सिंह गद्दी छोड़" नामक एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया व आंदोलन के माध्यम से जनजागृति करते हुए ५००० युवा साथियों के साथ उज्जैन कलेक्टोरेट का घेराव कर गिरफ्तारी दी।

वर्ष १९९८ में अटल संदेश यात्रा के माध्यम से उज्जैन संसदीय क्षेत्र में लगातार आठ दिनों में आठ विधानसभा क्षेत्रों के लगभग १४५ स्थानों पर नुक्कड़ सभा व मंचीय सभा कार्यकम के माध्यम से, अटल बिहारी वाजपेयी जी की केंद्र की सरकार जो की ११ माह में अपदस्थ हो गयी थी, उस समय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सन्देश को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ जनजागरण का कार्य किया व कारगिल युद्ध में शहीद हुए शहीदों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री सहायता कोष हेतु एक लाख सत्ताईस हज़ार रुपये एकत्रित कर श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को स्वयं डिमांड ड्राफ्ट भेट किया।



वर्ष २००१ में आप पुनः उज्जैन जिले के भाजयुमो जिला अध्यक्ष बनाये गए। १२ जनवरी २००३ को भाजपा नेत्रत्व के आह्वान पर मध्यप्रदेश में सत्ता परिवर्तन हेतु भव्य परिवर्तन यात्रा का ३५००० युवाओं की उपस्थिति में शुभारम्भ किया एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष के रूप में इस कार्यक्रम का सफल आयोजन व सञ्चालन किया। आपकी प्रशासनिक व संगठनात्मक क्षमताओं को देखते हुए वर्ष २००७ में भाजयुमो मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी के उज्जैन जिले के जिलामंत्री भी बनाये गए। वर्ष २००४ में आतंकवाद के खिलाफ भोपाल में विशाल मानव शृंखला का निर्माण किया जिसमे उज्जैन संभाग से २८००० युवा साथियों की उपस्थिति के साथ भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष व उज्जैन संभाग प्रभारी के दायित्व का सफलता पूर्वक निर्वाह किया कर आंदोलन का नेतृत्व किया।



वर्ष २००७-२०११ के मध्य आपने भाजयुमो मध्यप्रदेश के प्रदेश महामंत्री के रूप में भी महत्वपूर्ण कार्य निष्पादित किये। वर्ष २००७ में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री के दायित्व पर रहते हुए आपने प्रदेश भर में युवाओं के बिच जा कर, युवाओं की प्रदेश सरकार से अपेक्षाओं पर परिचर्चा कर भोपाल में राज्यस्तरीय युवा संसद का आयोजन किया व प्रदेश सरकार को युवा निति का ड्राफ्ट भेंट किया। प्रदेश के युवा एवं नवयुवा मतदाता भारतीय जनता पार्टी से जुड़े इस उद्देश्य को लेकर युवा जोड़ो यात्रा के माध्यम से चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली भाभरा से लेकर संपूर्ण मध्यप्रदेश की विधानसभा क्षेत्रों से होकर हज़ारों किलोमीटर की यात्रा कर भोपाल पहुंचे, जहाँ पर दो लाख युवाओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह जी की अध्यक्षता में, पचास दिन चली यात्रा का समापन लाल परेड ग्राउंड भोपाल पर संपन्न हुआ। विधानसभा के वर्ष २००८ के चुनाव में उज्जैन इंदौर संभाग के लगभग ६५ विधानसभा क्षेत्रों में जाकर नवमतदाता सम्मलेन के माध्यम से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को पार्टी से जोड़ते हुए उनका अभिनन्दन व सम्मान किया।



वर्ष २०११ से वर्तमान समय तक लगातार भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के साथ विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निष्पादन कर रहे हैं। २०११ में आपको भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के कार्यकारी सदस्य व आरटीआई विभाग का संयोजक बनाया गया। आरटीआई विभाग के माध्यम से देशभर में सुचना के अधिकार सम्बंधित गोष्ठियां एवं कार्यकम संचालित किये। वर्ष २०१० में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) के संचालक रहते हुए भोपाल में इंटरनेशनल कोआपरेटिव कॉर्निवाल का आयोजन किया। बैंक से कृषकों को न्यूनतम या जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि कार्य करने के लिए ऋण उपलब्ध हो इस बाबत कार्य योजना बनाई व माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ मिल कर इस योजना को लागू किया। उज्जैन संभागीय ब्रांच अपैक्स बैंक का नवीनीकरण कर भरतपुरी उज्जैन में ५ कमरों के गेस्ट हाउस सहित लोकार्पण किया व अपैक्स बैंक उज्जैन की फ्रीगंज ब्रांच को नवश्रृंगारित कर लोकार्पित किया। फलस्वरूप, २०१३ में आप भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के सहकारिता विभाग के उपसंयोजक तथा भाजपा के केंद्रीय सहकारिता विभाग के आल इंडिया कार्यालय प्रमुख बनाये गए।

५ विधानसभा चुनाव, ५ लोकसभा चुनाव, ८ विधानसभा उपचुनाव, १ लोकसभा उपचुनाव सहित स्थानीय चुनाव यथा जिला पंचायत, मंडी, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत इत्यादि में सक्रिय भूमिका में कार्य किया व संगठन के निर्देशानुसार प्रवास किये। लोकसभा चुनाव २०१४ में उज्जैन संसदीय क्षेत्र के दीनदयाल मंडल में प्रभारी के रूप में कार्य कर ऐतिहासिक मतों से पार्टी के लिए विजयश्री अर्जित की। वाराणसी में भाजपा के तत्कालीन प्रधानमन्त्री पद के प्रत्याशी श्री नरेंद्र मोदी जी के समर्थन में चुनाव कार्य किया तथा गाजीपुर उत्तरप्रदेश में मनोज सिन्हा जी के पक्ष में २ विधानसभाओं के प्रभारी के रूप में कार्य किया।

उज्जैन जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की रचना व योजना अनुसार कार्य किया तथा संगठनात्मक चुनाव में जिला व मंडल चुनाव अधिकारी बनकर संगठन चुनाव की गतिविधियों का संचालन किया।

अगस्त २०१६ से वर्तमान समय तक आप भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं व नित-प्रतिदिन टीवी डिबेट्स, मंचीय सभा कार्यक्रम व जनसम्पर्क के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में जनजागृति का कार्य कर रहे हैँ।

संपर्क के लिए फीड करे


ईमेल:

rpssisodiya@gmail.com

संपर्क:

+91 942 509 1020

कार्यालय: प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा मप्र

'राजभवन' - बी 6/17, महाकाल वाणिज्य केंद्र,
    उज्जैन ४५६०१० मध्यप्रदेश भारत